झांसी। महानगर के सबसे सूखाग्रस्त इलाके बड़ागांव गेट बाहर में जलसंस्थान द्वारा टैंकरों से संचालन कराया जाता है। बृहस्पतिवार को मोटर खराब होने की वजह से तकरीबन 10 मोहल्लों के लोगाें को पानी के लिए इंतजार करना पड़ा।
जलसंस्थान द्वारा गर्मियों में पानी की पूर्ति के लिए टैंकर संचालन कराया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी ठेकेदाराें को दी गई है। जिन्हें चक्कर के हिसाब से पैसा भी दिया जाता है। रोजाना लगभग 120 चक्कर टैंकरों के लगाए जाते हैं तब जाकर जलापूर्ति हो पाती है। लेकिन बृहस्पतिवार को मोटर फुंकने की वजह से मद्रासी कॉलोनी, बड़ागांव गेट बाहर, सत्यम कॉलोनी, अन्नपूर्णा कॉलोनी, भटियन चौराहा, नारायण बाग क्षेत्र समेत दस मोहल्लों में लोग पानी के लिए परेशान रहे। हालांकि पानी की परेशानी होने की वजह से ठेकेदार ने राजपूत कॉलोनी वाले प्वाइंट से पानी भरकर लोगों को टैंकर पहुंचाए, जो पर्याप्त नहीं हुए। देर रात तक मोटर सुधारने का काम होता रहा है। शुक्रवार से जलापूर्ति सुचारू की जाएगी।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता आरएस बादलीवाल ने कहा कि जलापूर्ति के लिए ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी गई है। अगर एक प्वाइंट पर मोटर खराब होती है तो दूसरे प्वाइंट से तत्कालिक व्यवस्था कराई जाएगी।