बबीना। इंद्रप्रस्थ एकेडमी में मंगलवार को साइबर क्राइम एवं मिशन शक्ति अभियान को लेकर एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता बबीना थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण से संबंधित जानकारियां साझा की गईं।
थाना प्रभारी ने छात्रों को साइबर अपराध के बदलते स्वरूपों पर सचेत करते हुए बताया कि इंटरनेट और मोबाइल के बढ़ते प्रयोग के चलते साइबर अपराधों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने साइबर बुलिंग, फेक सोशल मीडिया अकाउंट्स, ओटीपी फ्रॉड, लिंक हैकिंग और सोशल मीडिया के अन्य दुरुपयोगों का उदाहरण देकर विद्यार्थियों को सतर्क रहने की अपील की।
थाना प्रभारी ने ‘मिशन शक्ति’ को समझाते हुए छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, उनके कानूनी अधिकार और सरकार की सहायता योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सहजता से उत्तर दिया। विद्यालय प्रबंधक नंदकिशोर गोयल, महिला पुलिस कर्मियों, शिक्षकों एवं स्टाफ की उपस्थिति में आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।