डिप्टी सीएम की सभा के बाद पूरा शहर जाम में फंस गया। इससे लोगों की रफ्तार करीब दो घंटे थमी रही। जाम में फंसे लोग एक दूसरे से उलझते हुए आगे बढ़ने की जद्दोजहद करते रहे। यातायात सुचारु बनाने में पुलिस वालों का भी पसीना छूट गया। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
रविवार को मुक्ताकांशी मंच पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की सभा से पहले लोगों का आना-जाना शुरू हो गया था। साथ ही वाहन आने के कारण भी जाम की स्थिति पैदा होने लगी थी। सभा को लेकर यातायात से लेकर अन्य पुलिस वाले तैनात किए गए थे। सभा खत्म होते ही लेागों की भीड़ इधर-उधर भागने लगी। इसी बीच डिप्टी सीएम निकलने के बाद रास्ते खोल देने से यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। बस स्टैंड, जेल चौरहा, इलाइट चौराहा से लेकर जीवनशाह चौराहा, खंडेराव गेट समेत शहर के अन्य स्थानों पर यातायात रोकने से लोग घंटे भर जाम में फंसे रहे। आलम यह रहा कि वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। पैदल चलना भी मुश्किल भरा रहा। लोग एक दूसरे से उलझते हुए आगे निकलने की होड़ करते रहे।
जाना था पार्क, फंसे जाम में
रविवार का दिन होने के कारण अधिकांश लोग परिवार सहित रानी लक्ष्मीबाई स्थित पार्क का रुख करते हैं। लेकिन, रविवार को रैली होेने के कारण कई स्थानों पर यातायात रोक दिया गया था। पार्क जाने वाले कई परिवार वाहनों समेत जाम में फंसे रहे। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति होने के कारण रात हो गई तो अधिकांश लोग बिना पार्क गए ही वापस लौट गए।