अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा लाइक के चक्कर में आकर्षक रील्स बनाकर पोस्ट करने की आदत से अटूट रिश्तों में दरार आने लगी है। कई पवित्र रिश्ते (पति-पत्नी) टूटने के कगार पर पहुंच गए हैं। सोशल मीडिया पर हुई दोस्त इतनी हावी होती जा रही है कि साथ जीने-मरने पर अडिग हैं। वहीं, कुछ लोग सोशल मीडिया पर लाइक कम मिलने अथवा अभद्र टिप्पणियां से बदनामी होने से डिप्रेशन में आने लगे हैं।
ऐसे मामले जिला अस्पताल के मानसिक रोग की ओपीडी अथवा मैरिटल काउंसलिंग सेंटर ( दांपत्य परामर्श केंद्र) पर बढ़ते जा रहा है। डॉ. शिफाका जाफरीन बताती हैं कि मैरिटल काउंसलिंग सेंटर पर रोजाना एक-दो ऐसे मामले में रहे हैं, जिनसे पवित्र रिश्तों में दरार आने लगी है। सोशल मीडिया पर बने रहे संबंध में उम्र कोई बाधा नहीं है। यही नहीं, ये संबंध इतने ज्यादा प्रगाढ़ बन जाते हैं कि वह हकीकत के संबंधों को तवज्जो नहीं देते। वहीं, ज्यादा लाइक के चक्कर में महिलाएं आकर्षक कपड़े अथवा डांस के वीडियो पोस्ट करते हैं। अति उत्साह में बनाई रील्स पर ऐसे कमेंट आ जाते हैं, जो परिवार के लोग भी पसंद नहीं करते हैं। कभी-कभी तो परिवार की बदनामी होने तक के ताने मिलते हैं, जिससे लोग एंग्जाइटी की चपेट में आ जाते हैं।
केस-एक
शहर की 45 वर्षीय एक महिला के सोशल मीडिया पर करीब 20 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध बन गए। दोनों के बीच फोन पर घंटों बातें होने लगी। महिला ने पति से दूरी बना ली। जब पति को पता चला तो उसने विरोध किया, जिससे घर में तनाव रहने लगा। पति के कड़े विरोध करने में महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया। समझाने पर भी महिला युवक को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। खुशहाल दांपत्य जीवन में भूचाल आ गया है और अब मामला परामर्श केंद्र पर आया है, जहां महिला की काउंसलिंग की जा रही है।
केस-दो
रक्सा के एक पुरुष के एक युवती से ऐसी दोस्त हुई हैं कि दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते हैं। पुरुष की शादी हो चुकी हैं और दो बच्चे भी है। युवती के बॉयफ्रेंड को जब पता चला तो उसने विरोध किया, जिससे उनके संबंध टूट गए। परिजन ने भी युवती का विरोध किया तो उसने आत्महत्या का प्रयास किया। इसका पता चलने कुछ दिन बाद युवक ने भी आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों की अलग-अलग काउंसलिंग चल रही है।