झांसी। नगर निगम द्वारा कब्जा हटाने की चेतावनी जारी होते ही लहर गिर्द एवं आईटीआई इलाके में सालों से रह रहे लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्हाेंने कब्जे की जमीन का पट्टा करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
नगर निगम ने जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए अभियान छेड़ा है। जिसके तहत लहर गिर्द में उप सभापति गुलशन यादव से डेढ़ एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया है। लहर गिर्द व आईटीआई इलाके में कई जगहों पर जमीन पर कब्जा हटाने के लिए नगर निगम द्वारा इलाके के लोगों को चेतावनी जारी करते हुए नोटिस जारी किए हैं। कार्रवाई से बचने के लिए इलाके के लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थना पत्र में अवगत कराया गया है कि वह लोग सालों से नगर निगम की जमीन पर रहे हैं। सभी लोगों के वोटर कार्ड भी उसी पते से जारी हुए हैं। इलाके में बिजली के खंभों के साथ ही सड़क का निर्माण भी करा दिया गया है। नगर निगम द्वारा जमीन को छोड़कर कब्जा मुक्त करने का आदेश दिया गया है। जिससे सैकड़ों परिवार बेघर हो कर सड़क पर आ जाएंगे। प्रार्थना पत्र में जमीन का पट्टा करने की मांग की गई है।