झांसी। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में आवासों का आवंटन होने के बाद भी मकानों को लेने में लोगों द्वारा रुचि नहीं दिखाई जा रही है। योजना में करारी व अंबावाय में 1689 लोगों को मकानों का आवंटन किया गया था। लेकिन, अब तक सिर्फ चालीस आवंटियों द्वारा ही पहली किस्त जमा की गई है। लेकिन, अब झांसी विकास प्राधिकरण ने इसके लिए समय सीमा तय कर दी है। इस साल के अंत तक आवंटियों द्वारा मकान की पहली किस्त जमा नहीं करने पर आवंटन रद्द कर दिया जाएगा।
योजना में आवास की कीमत साढ़े चार लाख रुपये तय की गई है। जिसमें ढाई लाख रुपये सरकार के द्वारा अनुदान दिया जाएगा व दो लाख रुपये (पचास-पचास हजार रुपये की चार किस्त) लाभार्थी को अदा करनी होंगी। योजना के अंतर्गत झांसी करारी, अंबावाय, सिमराहा, खैलार, बिजौली सहित सात जगहों पर जगह को चिह्नित किया गया था। जिसके तहत करारी व अंवाबाय में मकानों का निर्माण कार्य जारी है। करारी में 509 व अंबावाय में 1180 लोगों को आवासों का आवंटन कर दिया गया है। आवंटन पत्र मिलने के सात दिन के भीतर आवंटी को पहली किस्त के रुप में पचास हजार रुपये अदा करने का नियम है।
लेकिन, अब तक सिर्फ चालीस लोगों ने ही मकानों की पहली किस्त जमा की है। प्राधिकरण द्वारा लगातार लाभार्थियों को दूरभाष के माध्यम से अवगत कराया जा रहा है। लेकिन, लोगों पर इसका कोई भी असर नहीं हो रहा। इस संबंध में झांसी विकास प्राधिकरण के सचिव त्रिभुवन विश्वकर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा लगातार लोगों से संपर्क किया जा रहा है। इस माह के अंत तक पहली किस्त जमा नहीं करने वालों का आवंटन रद्द कर अन्य पात्रों को मकानों का आवंटन कर दिया जाएगा।