नरसिंह राव टोरिया में खोले जा रहे देसी शराब के ठेके के विरोध में क्षेत्र के लोग उतर आए हैं। रविवार को मुहल्लेवासियों ने ठेकेदार को दुकान खोलने से रोक दिया। इसके बाद सभी इकट्ठा होकर जिलाधिकारी आवास पहुंचे, जहां ठेका निरस्त किए जाने की मांग की।
थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत घनी रिहायशी आबादी के बीच देसी शराब का ठेका खोला जा रहा है। यह ठेका दुकान की जगह किराये से मकान लेकर खोले जाने की तैयारी है। जबकि, इससे चंद कदम की दूरी पर मस्जिद और मंदिर स्थित हैं। बीते रोज शनिवार को ठेकेदार दुकान का सामान लेकर पहुंचा। इसकी भनक लगते ही वहां भारी संख्या में क्षेत्र के महिला - पुरुष इकट्ठा हो गए। लोगों के विरोध को देखते हुए ठेकेदार वापस लौट गया। इसके बाद रविवार को सुबह फिर ठेकेदार पहुंचा। क्षेत्र के लोगों ने उसका विरोध करना शुरू कर दिया, जिससे उसे वापस लौटना पड़ा।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शराब का ठेका खुल जाने से आसपास का माहौल खराब हो जाएगा। मंदिर और मस्जिद में आने वाले आने - जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी होगी। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में शराब का ठेका खोला जाना गलत है। क्षेत्रीय लोगों ने थाना कोतवाली व जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की।
इस बारे में आबकारी निरीक्षण संदीप त्रिपाठी ने बताया कि मुहल्ला नरसिंह राव टोरिया में विभाग द्वारा देसी शराब की दुकान आवंटित की गई है। नियमानुसार यह दुकान आवंटित स्थल पर ही खोली जानी है। दुकान की जगह भर बदली है, जबकि मुहल्ले के नाम से दुकान पिछले कई सालों से आवंटित की जा रही है।