झांसी जिले की बेपटरी हुई बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के तकनीकी निदेशक ने शुक्रवार को डेरा डाल लिया, बावजूद इसके रातभर कई इलाकों में बिजली संकट बना रहा। हालात यह रहे कि दो घंटे बिजली ठप रही और आधा घंटे आपूर्ति हुई।
तकनीकी निदेशक मनोज श्रीवास्तव ने एसई वर्कशॉप जेएस मिश्रा, एसई भंडार हरीश चौधरी, एसई तकनीकी अभय चौबे के साथ डेरा डाल लिया है। देर तक तक उन्होंने मुख्य अभियंता कार्यालय में अधीनस्थों के साथ बैठक करके सुचारु बिजली आपूर्ति के लिए मंथन किया।
बावजूद इसके शहर के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से धराशायी रही। सबसे ज्यादा दिक्कत अयोध्यापुरी, मसीहागंज, नई बस्ती, उनाव गेट बाहर और दर, मसीहा गंज, अयोध्यापुरी में रहीं। लोगों ने बताया कि यहां रात में दो घंटे बिजली गुल हुई और आधा घंटे आपूर्ति, यह क्रम पूरी रात चलता रहा।