अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। उप्र लोक सेवा आयोग पीसीएस-प्री परीक्षा रविवार को महानगर में बनाए गए 29 केंद्रों पर होगी। इसमें 12466 परीक्षार्थी शामिल होंगे। तय समय पर परीक्षार्थियों को केंद्र में पहुंचना होगा। उनकी सुविधा के लिए बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाई गईं हैं।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर 11:30 तक चलेगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चलेगी। पहली पाली की परीक्षा में अभ्यर्थियों को सुबह 8 से 8:45 बजे तक केंद्रों में प्रवेश करना होगा। दूसरी पाली की परीक्षा में एक बजे से 1:45 बजे केंद्रों में उपस्थित होना होगा। सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट भी परीक्षा की निगरानी करेंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचाने के लिए बसों का भी इंतजाम किया गया है। बसों पर केंद्रों के नाम भी चस्पा रहेंगे। बड़ी संख्या में ऑटो भी उपलब्ध रहेंगे। परीक्षार्थी अपने बैग, मोबाइल आदि सामान परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए अलग कक्षों में रख सकेंगे।
किसी भी प्रकार की समस्या होने पर परीक्षार्थी कंट्रोल रूम के नंबर 0510 371100 /2371199 पर संपर्क कर सकते हैं। शनिवार की शाम से ही बाहरी जनपदों के परीक्षार्थियों का यहां पहुंचना शुरू हो गया था। इस दरम्यान रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ बनी रही। तमाम छात्रों को रैन बसेरों में पहुंचाया गया।