झांसी। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) के आह्वान पर बृहस्पतिवार से शुरू हुई ट्रकों की देश व्यापी हड़ताल का असर पहले दिन यहां भी देखने को मिला। ट्रांसपोर्टरों द्वारा ट्रकों में माल की लोडिंग बंद कर दी गई है। हालांकि, पहले से माल भरकर निकले ट्रकों को नहीं रोका गया।
वर्तमान टोल सिस्टम खत्म किए जाने और एक बार में करों का भुगतान करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार से ट्रक ऑपरेटर हड़ताल पर चले गए हैं। बुंदेलखंड ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन भी हड़ताल के समर्थन में उतर आई है, जिसके चलते बृहस्पतिवार को ट्रकों में माल की नई लोडिंग नहीं की गई। हालांकि, पूर्व से लोड ट्रकों का आवागमन जारी रहा।
इससे पूर्व मिनर्वा चौराहे के पास बुंदेलखंड ट्रक एवं ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक हुई, जिसमें हड़ताल के समर्थन का निर्णय लिया गया। इस दौरान ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि केंद्र सरकार की हठधर्मिता के चलते ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए हैं। सरकार को वर्तमान टोल सिस्टम खत्म करना चाहिए। साथ ही करों का अलग- अलग नहीं, बल्कि एक बार में भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए।
इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष इलियास कुरैशी, उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह चावला (हैप्पी), मानिक राय, शम्मी छतवाल, धर्मेंद्र अग्रवाल, मोंटू चड्ढा, हिमांशु शर्मा, जसवंत ठाकुर आदि मौजूद रहे।