झांसी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा की गई जांच में खाद्य पदार्थों में व्यापक पैमाने पर कमियां सामने आई हैं। बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि के नूडल्स का टेस्ट मेकर मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। वहीं एक अन्य आयुर्वेदिक कंपनी के शहद में शक्कर की मात्रा अधिक पाई गई है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की टीम ने पिछले दिनों अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए थे, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट आ गई है, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में योग गुरु बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि नूडल्स के साथ मिलने वाले मसाले टेस्ट मेकर मानकों के विपरीत पाए गए।
पेय पदार्थ सेवन अप के दो नमूनों में मिस ब्रांडिंग पकड़ी गई। जबकि, स्लाइस में मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तत्व पाए गए। एक आयुर्वेदिक कंपनी के खुले व पैक्ड शहद में शक्कर की मात्रा निर्धारित से साठ फीसदी तक अधिक पाई गई है। चित्रा चौराहे के पास स्थिति बनीज बेकरी से लिए गए पाव के नमूने में मिस ब्रांडिंग पाई गई।
इतना ही नहीं, कलेक्ट्रेट स्थित राज्य कर्मचारी कल्याण निगम के डिपो में मिलने वाले खाद्य पदार्थ भी सुरक्षित नहीं हैं। विभाग द्वारा शिकायत के आधार पर यहां से गऊ फूड प्रोडक्ट अलीगढ़ के खाद्य तेल का नमूना भरा गया था, जांच में यह भी फेल हो गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान ने बताया कि उक्त सभी खाद्य/पेय पदार्थों के विक्रेता व निर्माताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।