संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। कोहरे के चलते बीते तीन माह से सप्ताह में दो दिन बंद चल रही ग्वालियर-बरौनी मेल का प्रतिदिन संचालन शुरू होने पर यात्रियों ने खुशी जताई। मंगलवार को ट्रेन के झांसी पहुंचने पर इसमें सफर करने के लिए यात्रियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। आलम यह रहा कि प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ जवानों को तैनात करना पड़ा।
ग्वालियर-बरौनी मेल का संचालन रेलवे बोर्ड ने घने कोहरे को देखते हुए दो दिसंबर से सप्ताह में पांच दिन कर दिया था। अब मंगलवार से ट्रेन का संचालन सातों दिन बहाल कर दिया गया। मंगलवार को जब ट्रेन 35 मिनट की देरी से 2:15 बजे झांसी के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची तो उसमें सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन में सीट पाने के लिए कोई खिड़की से चढ़ने की कोशिश में रहा तो किसी ने गेट पर भीड़ को धक्का देकर कोच में घुसने की कोशिश की। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ जवानों को तैनात किया गया। ट्रेन 25 मिनट के ठहराव के बाद 2:40 बजे बरौनी के लिए रवाना हुई। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बरौनी मेल का संचालन अब रोज होगा।