झांसी। कोरोना काल के चलते 23 मार्च से बंद चल रहीं पैसेंजर ट्रेनें फरवरी से पटरी पर आ सकती हैं। रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। इसे लेकर सभी मंडलों से पैसेंजर ट्रेनों को लेकर सुझाव मांगे गए हैं। साथ ही यूटीएस सिस्टम को भी अपडेट किया जा रहा है। पैसेंजर ट्रेनें चलने के बाद छोटे स्टेशनों के यात्रियों को खासी सहूलियत मिलेगी।
रेलवे ने कोरोना संक्रमण के चलते 23 मार्च से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। मई से कोविड विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। जिसमें केवल आरक्षित श्रेणी के यात्री ही यात्रा कर पा रहे हैं। इसके बाद लगातार रेलवे ने नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया। इनमें भी आरक्षण के जरिए ही यात्री यात्रा कर रहे हैं। उधर, लोग लगातार ट्रेनों में जनरल कोच लगाने की मांग कर रहे हैं। पिछले दिनों रेलवे बोर्ड ने सभी मंडलों से पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को लेकर स्थिति की जानकारी मांगी थी। इसके साथ ही रेलवे ने जनरल टिकट के लिए यूटीएस सिस्टम को अपडेट करना शुरू कर दिया है। इसे लेकर संभावना जताई जा रही है कि रेलवे फरवरी से पैसेंजर ट्रेनों को ट्रैक पर दौड़ा सकता है। पैसेंजर ट्रेन चलने के बाद झांसी मंडल से जुड़े छोटे स्टेशनों के लिए यात्रा करना सुगम हो जाएगा। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि विशेष ट्रेनों का संचालन लगातार हो रहा है। पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद चलाया जाएगा।
----------
एक्सप्रेस में तब्दील कर दी गईं पैसेंजर ट्रेनें
रेलवे बोर्ड ने पिछले दिनों झांसी मंडल की तीन जोड़ी ट्रेनों को एक्सप्रेस में तब्दील कर दिया था। जिसमें दो जोड़ी झांसी-आगरा पैसेंजर और झांसी-प्रयागराज पैसेंजर को एक्सप्रेस बनाकर दौड़ाया जा रहा है।
--------
इन पैसेंजर ट्रेनों के चलने की उम्मीद
रेलवे अगले महीने से झांसी-इटारसी, झांसी-मानिकपुर, झांसी-बांदा, झांसी-बीना, झांसी-कानपुर पैसेंजर ट्रेनों का संचालन कर सकता है। इसके जरिए यात्रियों को खासी राहत मिलेगी।