झांसी। कोरोना वायरस के बचाव के लिए रेलवे तमाम प्रयासों में जुटा हुआ है। स्टेशन पर भीड़ न हो, इसके लिए बार- बार उद्घोषणा करवाई जा रही है। लोगों को समझाया जा रहा है कि बेवजह स्टेशन पर आने से बचें। रेलवे बुधवार से प्लेटफार्म टिकट भी महंगा करने की तैयारी कर रहा है। मंगलवार को कुछ मंडलों में प्लेटफार्म टिकट दस रुपये की जगह पचास रुपये कर दिया गया।
कोरोना वायरस को लेकर स्टेशन पर यात्रियों की संख्या स्टेशन पर लगातार घटती जा रही है। लोग बेवजह प्लेटफार्म और परिसर क्षेत्र में न घूमें, इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। मंडल के स्टेशनों पर सफाई कर्मचारियों द्वारा यात्रियों के संपर्क में आने के सभी स्थानों जैसे बुकिंग खिड़की, बेंच, एस्केलेटर, रैंप, फुट ओवरब्रिज की रैलिंग, वाटर बूथ, टॉयलेट आदि की सफाई स्टीम क्लीनर व सेनेटाइज की जा रही है। ट्रेन में भी कोच के प्रवेश द्वार पर लगे हैंडल, टॉयलेट के नल, सीट, खिड़कियों की सफाई कीटनाशक से की जा रही है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म टिकट की दर बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया है।
निजामुद्दीन मुुंबई एक्सप्रेस निरस्त
कोरोना वायरस के चलते घटी यात्रियों की संख्या के कारण गाड़ी नंबर 22221 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई) निजामुद्दीन एक्सप्रेस 20, 23,27 व 30 मार्च और 22222 निजामुद्दीन- छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई) 21,24,26 व 31 मार्च को निरस्त रहेगी।
टिकट चेकिंग में 41 पकड़े
झांसी। बांदा रेलवे स्टेशन पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान 41 यात्रियों को बिना टिकट, बिना बुक्ड लगेज व अनियमित यात्रा करते पकड़ा गया। इन यात्रियों से 10895 रुपये व 8500 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। चेकिंग में सीटीआई तारिक हुसैन, बीके शिवहरे, आरके दुबे, अमर सिंह, कुलदीप श्रीवास्तव, नरेंद्र कुमार, एसके चौधरी शामिल रहे।
आश्रितों को प्रदान किया भुगतान
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंगलवार को तीन मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को अंतिम भुगतान प्रदान किया गया। इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अमित सेंगर, सीनियर डीपीओ उल्लास कुमार मौजूद रहे।