पर्यटकों को झांसी और ओरछा की सैर कराएंगीं बसें
झांसी। स्मार्ट सिटी के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पहल की जा रही है। पर्यटकों को झांसी सर्किट का भ्रमण कराने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत दो बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें पर्यटकों को रेलवे स्टेशन से लेकर पूरे दिन में झांसी और ओरछा का भ्रमण कराएंगीं। इसके लिए नौ घंटे की ट्रिप बनाई गई है। जिसमें रानीपुर, बरुआसागर और गढ़मऊ झील जैसे पर्यटन स्थलों को भी शामिल किया गया है। पांच करोड़ रुपये की लागत के इस प्रोजेक्ट के लिए ठेकेदारों से आवेदन मांगे गए हैं।
पर्यटन स्थलों से भरपूर झांसी में बड़ी संख्या में पर्यटकों का आवागमन होता है। लेकिन अधिकांश पर्यटक झांसी रेलवे स्टेशन पर उतरकर सीधे ओरछा चले जाते हैं। ऐसे में कई पर्यटक झांसी के ऐतिहासिक और मनोरम पर्यटक स्थलों पर जाते ही नहीं हैं। पर्यटकों को ओरछा के साथ झांसी की सैर कराने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत पहल की जा रही है। पर्यटकों को सैर कराने के लिए रेलवे स्टेशन से दो इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगीं। जोकि पर्यटकों को स्टेशन से राजकीय संग्रहालय, ओरछा किला, वाइल्ड लाइफ सेंचुरी, रानी महल और झांसी का किला घुमाएंगीं। पर्यटकों को लाने और ले जाने के लिए अलग कोई साधन नहीं लेना होगा। साथ ही टिकट भी रेलवे स्टेशन से ही मिल जाएगी। इसके अलावा प्रोजेक्ट में बरुआसागर, गढ़मऊ, रानीपुर को भी शामिल किया जाएगा।
बसों में होगी विशेष व्यवस्था
इलेक्ट्रिक बसों में तीन कैमरे, 10 पैनिक बटन, एक स्मार्ट सिटी और स्पीकर भी होगा। बसों के संचालन की निगरानी कमांड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। इसके साथ ही राजकीय संग्रहालय के पास बसों का चार्जिंग स्टेशन होगा। स्मार्ट सिटी के तहत किले के पास 10 इलेक्ट्रिक कारों के संचालन के लिए भी काम शुरू कर दिया गया है।
वर्जन
झांसी में पर्यटकों को रोकने और यहां के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराने के लिए योजना तैयार की गई है। जिसमें दो इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अमित शर्मा, नोडल अधिकारी स्मार्ट सिटी