झांसी। शहर के बाजारों में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए जारी कवायद सफल नहीं हो पा रही है। नगर निगम ने ऐसे दो स्थानों को चिह्नित किया है, जहां पर लो-फ्लोर पार्किंग निर्माण की संभावनाएं हैं, लेकिन दोनों स्थानों पर पुरातत्व विभाग रोड़ा बन रहा है। रानी महल के सामने किसी प्रकार का नगर निगम निर्माण नहीं करा सकता, जबकि कोतवाली में निर्माण के लिए प्रस्ताव डीएम को सौंपा गया है, जो अभी तक लंबित है।
शहर के बाजारों में पार्किंग के लिए लंबे समय से नगर निगम और जिला प्रशासन जद्दोजहद कर रहा है। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह ने बताया कि रानी महल के सामने निगम की जमीन है, लेकिन उस पर पार्किंग के लिए पुरातत्व से अनुमति नहीं मिली। दूसरी संभावना कोतवाली के सामने खाली पड़ी जमीन है। उस स्थान के लिए डीएम को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। उस प्रस्ताव पर भी अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। यदि, प्रस्ताव पर सहमति प्रदान कर दी जाएगी तो पार्किंग की सबसे बड़ी समस्या हल हो जाएगी।