फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: माता-पिता पानी की बोतल लेने उतरे, छह साल के बच्चे को स्कॉर्पियो समेत लेकर भागा चालक

विज्ञापन
विज्ञापन
दो घंटे तक सड़कों पर दौड़ती रही पुलिस, मोंठ बाईपास पर बच्चे और स्कॉर्पियो को छोड़कर भागा आरोपी
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसराय/मोंठ। माता-पिता पानी की बोतल लेने के लिए पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो से नीचे उतरे और चालक छह साल के मासूम को लेकर भाग निकला। बच्चा स्कॉर्पियो में अकेला बैठा था। चालक के अचानक गाड़ी लेकर भागने से बर्तन व्यापारी दंपती के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घेराबंदी कर करीब दो घंटे बाद मोंठ बाईपास के पास स्कॉर्पियो समेत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी चालक भागने में सफल रहा।
झांसी के गोलाकुआं निवासी थोक बर्तन व्यापारी अनुराग सिंह मंगलवार को अपनी पत्नी प्रियंका सिंह और छह वर्षीय बेटे सार्थक सिंह के साथ गुरसराय आए थे। वे बर्तन कारोबारियों से उधार की रकम वसूलने निकले थे। उनकी स्कॉर्पियो आशीष नाम का चालक चला रहा था। शाम करीब 4:50 बजे वे गुरसराय में मोदी तिराहे के पास पहुंचे। यहां अनुराग और प्रियंका पानी की बोतल लेने के लिए पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो से नीचे उतर गए। उनका बेटा सार्थक गाड़ी में ही बैठा रहा।
विज्ञापन

इसी दौरान चालक आशीष ने मौका देखा और स्कॉर्पियो दौड़ा दी। कुछ ही देर में वह मासूम को लेकर ओझल हो गया। दंपती ने जब स्कॉर्पियो को गायब देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल गुरसराय पुलिस को घटना की सूचना दी। बच्चे के चालक समेत गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ गरौठा पीयूष कुमार पांडेय ने पुलिस टीमों को सक्रिय किया। सर्किल की पुलिस ने आपसी तालमेल से संभावित रास्तों पर घेराबंदी शुरू कर दी। विभिन्न मार्गों पर चेकिंग कराई गई। पुलिस का दबाव बढ़ा तो आरोपी चालक मोंठ कस्बे के बाईपास पर कुम्हरार ओवरब्रिज के पास स्कॉर्पियो और बच्चे को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

नियमित चालक छुट्टी पर था, उसकी जगह आया था आशीष
सूत्रों के अनुसार, अनुराग सिंह का नियमित चालक मिथुन छुट्टी पर था। उसने अपनी जगह आशीष नाम के व्यक्ति को स्कॉर्पियो चलाने के लिए भेजा था। इसी चालक पर मालिक को चकमा देकर बच्चे को स्कॉर्पियो समेत अगवा करने का आरोप है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

दो घंटे तक अटकी रहीं परिजनों की सांसें
घटना मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे हुई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू की और शाम करीब 6:30 बजे मोंठ बाईपास के पास स्कॉर्पियो और बच्चे को बरामद कर लिया। करीब दो घंटे तक बेटे की सलामती को लेकर परेशान रहे परिजनों ने उसके मिलने पर राहत की सांस ली। सीओ गरौठा पीयूष कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीमों के बेहतर तालमेल और मुस्तैदी से बच्चे को सकुशल बरामद किया जा सका। देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
विज्ञापन


लाखों की नकदी लेकर भागने की भी चर्चा
घटना के बाद व्यापारियों के बीच चर्चा रही कि बच्चे के साथ स्कॉर्पियो में वसूली गई लाखों की की नकदी एक थैली में रखी हुई थी। नकदी की वजह से उसकी नीयत खराब हो गई और वह थैली चालक लेकर फरार हो गया। हालांकि, इस संबंध में व्यापारी अनुराग सिंह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। उनकी पत्नी प्रियंका सिंह बच्चे के सकुशल मिलने के बाद भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि बच्चा ठीक मिल गया, यही उनके लिए सबसे बड़ी राहत है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें