फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोशल मीडिया ने दो साल से लापता बच्चे को मां-बाप से मिलाया, बच्चे का वीडियो फरीदाबाद पुलिस ने किया था वायरल

Wed, 25 Nov 2020 11:04 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, ललितपुर
विज्ञापन
mother with child
विज्ञापन

कोतवाली के अंतर्गत शहर के मोहल्ला आजादपुरा में दो वर्ष तीन माह पहले घर के बाहर खेल रहा पांच वर्षीय लापता बालक राज दिल्ली में मिल गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बच्चा अपने परिजनों को मिल गया। पुलिस और परिजन उसे दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से लेकर वापस लौट आए हैं। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। बच्चे का वीडियो फरीदाबाद पुलिस ने वायरल किया था।

विज्ञापन


मोहल्ला आजादपुरा रिसाला मंदिर के पास निवासी राज (5) पुत्र हरगोविंद कुशवाहा दो जुलाई 2018 को दोपहर दो बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। परिजनों व पुलिस ने हरसंभव उसकी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद पुलिस उसके मिलने की आस खो चुकी थी, लेकिन बच्चे की मां ममता को लगातार यह आस बनी हुई थी कि बेटा एक दिन जरूर मिलेगा। 

अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में स्वयंसेवी संस्था विजन वेलफेयर फाउंडेशन के रविंद्र कड़ंकी एवं सौरभ जैन ने सोशल मीडिया पर लापता एक बालक का वीडियो देखा, जिसमें बालक राज जैसा लगने पर उन्होंने राज के माता- पिता से संपर्क कर वीडियो दिखाया। मां - बाप ने उसे अपना बेटा बताया। इसके बाद राज के माता- पिता ने 30 अक्तूबर को कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और पुलिस अधीक्षक को बालक के वीडियो के बारे में बताया।
विज्ञापन



इस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस व सर्विलांस टीम ने बालक तक पहुंचने के लिए वीडियो वायरल करने वाले फरीदाबाद के इंस्पेक्टर अमर सिंह से संपर्क किया। इसके बाद गोविंद सागर बांध चौकी प्रभारी सुजीत मिश्रा एवं राज के माता- पिता दिल्ली स्थित सीडब्ल्यूसी संस्था के पास पहुंचे और राज को अपना बेटा होने का दावा पेश किया। लेकिन, दिल्ली के एक दंपती ने राज को अपना बताया। 

संस्था व दिल्ली पुलिस ने दंपती को बुलाकर बालक के बारे में जानकारी की तो पता चला कि उन्होंने बालक को नौ जुलाई 2018 को किसी व्यक्ति से गोद लिया था।
इस पर संस्था ने दोनों परिवारों से बालक के संबंध में सुबूत पेश करने को कहा। राज के माता- पिता वापस लौटे और राज से संबधित आधार कार्ड, राशन कार्ड, पुराने फोटो आदि जरूरी दस्तावेज एकत्रित करके ललितपुर पुलिस के साथ दोबारा वहां पहुंचे।  दिल्ली निवासी दंपती राज के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सोमवार को सीडब्ल्यूसी संस्था द्वारा जरूरी प्रक्रिया कर राज को परिजनों की मौजूदगी में ललितपुर पुलिस को सौंप दिया। मंगलवार को पुलिस ने ललितपुर आकर राज को उसके माता- पिता को सौंप दिया।

राज से लक्ष्य और फिर राज
लापता बालक को दिल्ली में दंपती द्वारा गोद लेने पर उसका नाम लक्ष्य रख दिया, जिससे वह खुद को लक्ष्य समझने लगा। लेकिन, अब उसके असली माता- पिता मिल गए और उसका खोया हुआ नाम भी वापस मिल गया। अब वह फिर से राज हो गया।

पांच वर्षीय बालक दो वर्ष से अधिक समय से लापता था। उसके बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से पता चलने पर पुलिस और सोशल वर्कर उस तक पहुंचने के प्रयास में लगे रहे। बालक राज को दिल्ली से बरामद कर लिया गया है और जरूरी दस्तावेज तैयार कर बालक को वापस लाया गया। अभी तक किसी आपराधिक साजिश की बात सामने नहीं आई है। बच्चे को उसके माता - पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।
विज्ञापन

-कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें