- संबंधित क्षेत्रों की लगातार हो रही है निगरानी, पाबंद किए जा रहे असामाजिक तत्व
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिले की चारों विधानसभाओं में 244 क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथ चिह्नित किए गए हैं। लोकसभा चुनाव के मतदान के दौरान इन सभी बूथों पर अर्धसैनिक बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा इन बूथों से जुड़े क्षेत्रों की निगरानी भी की जा रही है। जिन लोगों से चुनाव में व्यवधान पैदा करने की आशंका है, उन्हें पाबंद किया जाने लगा है।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की चारों विधानसभाओं में 221 क्रिटिकल और 23 वल्नरेबल बूथ चिह्नित किए गए हैं। इनमें बबीना विधानसभा में 53, झांसी नगर में 49, मऊरानीपुर में 46 और गरौठा विधानसभा में 73 क्रिटिकल बूथ हैं। इसके अलावा झांसी नगर विधानसभा के दो, मऊरानीपुर के 15 और गरौठा विधानसभा के छह बूथों को वल्नरेबल की श्रेणी में रखा गया है। इन सभी बूथों से जुड़े क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार सक्रिय बनी हुईं हैं। पुलिस की खुफिया शाखा भी इन बूथों की टोह लेने में जुटी है। जिन लोगों से चुनाव में व्यवधान पैदा करने की आशंका है, उन्हें पाबंद किया जा रहा है। इसके अलावा मतदान के दौरान इन सभी बूथों पर आधा-आधा सेक्शन पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात की जाएगी। साथ ही नागरिक पुलिस भी तैनात रहेगी।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। इन सभी बूथों पर आधा-आधा सेक्शन पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा इन बूथों से संबंधित क्षेत्रों के उन सभी लोगों को पाबंद किया जाने लगा है, जिनसे चुनाव में व्यवधान पैदा करने की आशंका है।