झांसी। पानी की किल्लत से जूझ रहे महानगर वासियों के लिए अच्छी खबर है। ऐतिहासिक पानी वाली धर्मशाला (तालाब) खाली होने के बाद उसमें नीचे पानी का बड़ा स्रोत मिला है। इस स्रोत से आसपास के निवासियों को पानी की आपूर्ति की जाएगी, ताकि गर्मियों में संकट से जूझ रहे लोगों की समस्या का समाधान किया जा सके। मंडलायुक्त के निर्देश के बाद इस पर काम शुरू कर दिया गया है। बाजार में वाल्व नहीं मिल रहा है। जैसे ही वाल्व मिल जाएगा, काम शुरू हो जाएगा।
पानी वाली धर्मशाला में साल भर पानी भरा रहने के कारण आसपास के मोहल्लों नरसिंहराव टौरिया, झारखड़िया, पंचकुइयां, गनपत खिड़की, गणेश बाजार, नरिया बाजार समेत अन्य क्षेत्रों में रहने वालों को पानी की किल्लत से नहीं जूझना पड़ता था, लेकिन सौंदर्यीकरण होने के कारण पानी वाली धर्मशाला को खाली कर दिया गया। इसका नतीजा यह हुआ कि आसपास के क्षेत्रों का जलस्तर सूख गया और अब क्षेत्र में पानी की किल्लत हो रही है। जबकि, तालाब का पानी सूखने के बाद भी तालाब में बराबर पानी आ रहा है। इस पर चेक किया तो पता चला कि यहां पर एक बड़ा स्रोत है, जिससे पानी आता है। इस पर धर्मशाला में काम कर रहे ठेकेदार ने स्रोत में मोटर लगा दी, लेकिन चौबीस घंटे चलने के बाद भी पानी बंद नहीं हुआ। यह सिलसिला पिछले कई दिनों से चल रहा है।
करीब तीन दिन पहले मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने पानी वाली धर्मशाला का निरीक्षण किया तो वहां पर पानी के स्रोत की जानकारी मिली और यह भी बताया गया कि इसमें मोटर लगाकर पानी को निकाला जा रहा है और यह पानी नाली में बेकार बहाया जा रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया और इसका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पानी का सदुपयोग किया जाए और इसको पाइप लाइन से जोड़कर जरूरतमंदाें तक पानी पहुंचाया जाए।
मंडलायुक्त के निर्देश के बाद काम शुरू कर दिया गया है। लेकिन दो दिन से हो रही बरसात के कारण काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। पानी को पाइप लाइन से जोड़ने के लिए एक वाल्व की जरूरत पड़ रही है जो कोरोना कर्फ्यू के कारण मार्केट में मिल नहीं रहा है। जैसे ही वाल्व मिल जाएगा, पानी का सदुपयोग होने लगेगा।
विधायक और पार्षद ने भी दिया था सुझाव
पानी वाली धर्मशाला के पानी का सदुपयोग करने के लिए चौपड़ा से पाइप लाइन को जलसंस्थान की पाइप लाइन से जोड़ने के लिए विधायक रवि शर्मा और क्षेत्रीय पार्षद अनिल सोनी ने सुझाव दिया था। इस सुझाव पर मंडलायुक्त के निर्देश के बाद अब अमल शुरू हो गया है।
दतिया गेट फिल्टर प्लांट से आता है पानी
मोहल्ला नरसिंहराव टौरिया, झारखड़िया समेत आसपास के क्षेत्र में अभी दतिया गेट फिल्टर से पहुंज बांध का पानी आता है। लेकिन, पानी बहुत कम समय के लिए ही आ रहा है। कभी दस मिनट तो कभी पंद्रह मिनट के लिए ही पानी की आपूर्ति होती है। इस कारण लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। घनी आबादी का क्षेत्र होने के कारण यहां के निवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
-------
वर्जन
तालाब के पानी को पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। काम तो शुरू कर दिया गया है, लेकिन मार्केट में वाल्व नहीं मिलने की वजह से काम अटका पड़ा है। बरसात ने भी खलल डाला है। एनसीबी वाल्व लग जाने के बाद देखा जाएगा कि पानी में कितना प्रेशर है और कहां तक पानी की आपूर्ति की जा सकती है। अच्छी पहल है यदि पानी में उचित प्रेशर हुआ तो आसपास के क्षेत्र में पानी की किल्लत दूर हो जाएगी।
- कुलदीप सिंह
अधिशासी अभियंता, जल संस्थान