झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में सोमवार को ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) का पहला ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन सफल रहा, परंतु अभी मरीज को अगले पंद्रह दिनों तक अस्पताल में ही रहना होगा। डॉक्टरों की टीम मरीज की लगातार निगरानी कर रही है।
ललितपुर के ग्राम पनारी निवासी विवेक ब्लैक फंगस की चपेट में आ गए थे। आंखों में सूजन व दर्द की शिकायत लेकर वे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे थे। एमआरआई में ब्लैक फंगस की पुष्टि होने के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया था। मधुमेह का स्तर नियंत्रित किए जाने के बाद सोमवार को उनका ऑपरेशन चिकित्सकों की बारह सदस्यीय टीम ने किया गया, जिसके जरिये नाक और आंख के फंगस के शिकार हिस्सों को हटा दिया गया था। ऑपरेशन सफल रहा था। लेकिन, अभी उन्हें छुट्टी नहीं दी जाएगी। ईएनटी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि मरीज की हालत में सुधार है, परंतु अगले पंद्रह दिनों तक उन्हें लगातार निगरानी में रखा जाएगा। उसके बाद हालत बेहतर होने पर ही अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।