पंचायत चुनाव व होली को लेकर 64 गांव में पुलिस सतर्क, खुफिया अलर्ट
झांसी। होली व पंचायत चुनाव के मद्देनजर पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस को आशंका है कि पंचायत चुनाव के माहौल में होली के दौरान पुरानी चुनावी रंजिश के मामले सामने आ सकते हैं। ऐसे में होली के बहाने विवाद खड़ा न हो, इसको लेकर पुलिस अलर्ट हो हो गई है। जिले के ऐसे 64 गांवों में सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। इन गांवों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
जिले के 64 गांव के 92 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। पंचायत चुनाव व होली को देखते हुए इन केंद्रों पर खुफिया अलर्ट बढ़ा दिया गया है। जिले के बड़ागांव, चिरगांव, मोंठ, बंगरा, मऊरानीपुर, गुरसराय और बामौर क्षेत्र के गांव पुलिस की रडार पर हैं। इन गांवों में पिछले पंचायत चुनाव मेें हुए विवादों को खंगाला जा रहा है।
एक-एक कर पुलिस ने सूची तैयार कर ली है। सूची बनाकर शासन को भेज दी गई है। यहां अलग से फोर्स लगाने की तैयारी है। पुलिस का मानना है कि पंचायत चुनाव व होली में पुराने विवाद गहरा सकते हैं। ऐसे में इन गांवों में नजर रखना किसी चुनौती से कम नहीं है। पुलिस ने इन गांवों के छोटे से बड़े अपराधियों को भी रडार पर लेना शुरू कर दिया है। थानेदारों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
होली पर गांव-गांव होने वाली शराब पार्टियों पर नजर
पंचायत चुनाव के संभावित दावेदार मतदाताओं को लुभाने के लिए गांव-गांव में शराब पार्टियां करेंगे। ऐसे में इन पार्टियों में भी विवाद गहराने की संभावना है। ऐसी आयोजित होने वाली पार्टियों पर पुलिस की नजर रहेगी। बिना अनुमति किसी भी तरह के कार्यक्रम होने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
यह कर रही पुलिस
- पुराने विवादों का निस्तारण कराने में जुटी
- हिस्ट्रीशीटर व जेल से छूटे अपराधियों की होने लगी निगरानी
- मुखबिरों का बिछाया जाने लगा जाल, लोगों से भी साधा संपर्क
- जिन इलाकों में चुनाव होने हैं, वहां खुफिया तंत्र किया जा रहा मजबूत
होली व चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं होने दिया जाएगा। थानेदारों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिन इलाकोें में चुनाव होने हैं, वहां खुफिया तंत्र मजबूत किया गया है। पुराने विवाद तेजी के साथ निपटाए जा रहे हैं।
नैपाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक - देहात