अप्रैल में भोजला में मंडी कार्यालय शिफ्ट हो जाएगा।
- फोटो : ???? ????
अप्रैल में भोजला में शिफ्ट हो जाएगा मंडी कार्यालय
झांसी। अप्रैल में भोजला में मंडी कार्यालय शिफ्ट हो जाएगा। यहां पर कृषकों के लिए तमाम सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। ई-नेम हॉल, कैंटीन, किसान सुविधा केंद्र से लेकर कई व्यवस्थाएं कराई गई हैं। ताकि, कृषकों को तमाम सुविधाएं मिल सकें।
किसान अपनी उपज आसानी से बेच सकें। इसके लिए बुंदेलखंड विशेष पैकेज के तहत बुंदेलखंड के सभी जनपदों में एक-एक विशिष्ट मंडी बनाई गई थी। झांसी में उनाव बालाजी मार्ग पर ग्राम भोजला में मंडी का निर्माण किया गया है। पांच करोड़ से अधिक की लागत से बनी लोकसभा चुनाव की मतगणना के बाद भोजला स्थित विशिष्ट मंडी स्थल में दुकानों की आवंटन कर दिया गया था। इसके बाद यहां पर गल्ला मंडी शिफ्ट कर दी गई। मंडी में तीन श्रेणियों की 124 दुकानें हैं।
‘ए’ श्रेणी की 36, ‘बी’ श्रेणी की 40 और ‘सी’ श्रेणी की 48 दुकानें हैं। अब यहां पर मंडी कार्यालय भी शिफ्ट करने की तैयारी है। मंडी सचिव पंकज शर्मा ने बताया कि यहां पर सुलभ शौचालय की व्यवस्था करा दी गई है। यहां दस प्याऊ भी लगवाए गए हैं। किसानों की आवक की गुणवत्ता की जांच के लिए ई-नेम हॉल, कैंटीन बनाई गई है। किसान सुविधा केंद्र में कृषकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रकाश की व्यवस्था के लिए दस हाई मास्ट लाइटें लगवाई जा रही हैं। अप्रैल में मंडी कार्यालय यहां शिफ्ट हो जाएगा।