झांसी। सब्जी खरीदने के दौरान फुटकर कराने के विवाद में पीएसी के दरोगा की कुछ युवकों ने पिटाई कर दी। पिटाई के चलते दरोगा का सिर फट गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने इनमें से एक को गिरफ्तार भी कर लिया है।
प्रेमनगर पुलिस के मुताबिक नगरा के गुदरीपुरा निवासी कपिलदेव सिंह पीएसी की 33 वीं वाहिनी में दरोगा के पद पर तैनात हैं। कपिलदेव बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे अपनी पत्नी के साथ नगरा हाट में सब्जी खरीदने गए थे। उनकी पत्नी सब्जी खरीद रही थीं। दरोगा का कहना है उनकी पत्नी ने एक सब्जी विक्रेता को सौ रुपये का नोट दिया लेकिन, उसने फुटकर पैसा नहीं लौटाया। शेष पैसा मांगने पर उसने रुपया मिलने से ही इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस होने लगी। कपिलदेव ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन, विक्रेता की तरफ से कई युवक आ गए। उन्होंने कपिल के साथ गाली-गालौज शुरू कर दी। आरोप है मना करने पर उन लोगों ने कपिल पर हमला बोल दिया। उसकी डंडों से पिटाई की। जिससे उसका सिर फट गया। यहां से वह सीधे प्रेमनगर थाने पहुंचा। दरोगा की पिटाई से पुलिस भी एक्शन में आ गई। प्रेमनगर पुलिस ने तुरंत दबिश देकर एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया जबकि अन्य फरार हो गए। इंस्पेक्टर प्रेमनगर के मुताबिक आरोपी मनोहर लाल पुत्र सतीश को पकड़ लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।