झांसी। कोरोना वायरस के दौर में ऑक्सीजन के कारोबारियों ने भी आपदा में अवसर ढूंढ लिया है। झांसी में अभी भी ढाई गुने दामों पर ऑक्सीजन सिलिंडर की बिक्री हो रही है। ठोस कार्रवाई नहीं होने की वजह से ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हैं।
कोरोना महामारी में ऑक्सीजन की खपत में काफी उछाल आया है। इस कारण ऑक्सीजन की मांग काफी बढ़ गई है। सप्लाई से ज्यादा खपत की मांग होते देख इसकी कालाबाजारी भी शुरू जारी है। झांसी में ही ढाई गुने दामों पर ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही है। नर्सिंगहोम संचालकों ने बताया कि जो सिलिंडर कोविड दौर के पहले 200 रुपये में मिल जाता था, वो अब 450 रुपये में मिल पा रहा है। वहीं, एंबुलेंस चालकों को भी इसी समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। वहीं, ऑक्सीजन की कालाबाजारी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। यदि चौतरफा सख्ती की जाए तो इनके दाम फिर से नियंत्रित हो सकते हैं।
अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है। यदि कोई ऑक्सीजन को निर्धारित से ज्यादा मूल्य पर बेचता है तो इसकी सूचना दें। तत्काल कार्रवाई की जाएगी। - उमेश भारती, औषधि निरीक्षक।