कोरोना के दौरान पीएम केयर्स फंड से लगवाए गए थे नौ ऑक्सीजन प्लांट, मेडिकल कॉलेज का एक प्लांट अब तक चालू ही नहीं हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। यह खबर सरकार के बेहतर सेहत के दावों पर सवाल उठाती है। कोरोना में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए पीएम केयर्स फंड से नौ ऑक्सीजन प्लांट लगवाए गए। इनमें से मेडिकल कॉलेज का दो और जिला अस्पताल का एक प्लांट चालू हालत में है। मेडिकल कॉलेज के एक प्लांट को अभी चालू किया जाना है। वहीं, समथर में लगे प्लांट में संग्रहित ऑक्सीजन 12 घंटे में ही खत्म हो जाती है। जबकि रानीपुर में प्लांट को चलाने वाला स्टाफ ही नहीं है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि गरौठा, बड़ागांव और बरुआसागर का प्लांट ठीक काम कर रहा है।
रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में तीन ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए। एक प्लांट पीएनबी एटीएम के नजदीक और दूसरा 500 बेड के अस्पताल की निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास बना है। वहीं, तीसरा प्लांट मल्टी स्पेशियलिटी ब्लॉक परिसर में बनाया गया है। यह अब तक चालू नहीं किया जा सका। ऑक्सीजन प्लांट प्रभारी डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन हैं। तीसरे प्लांट के लिए एनओसी मिल गई है। यह जल्द चालू कर दिया जाएगा।
समथर : चालू तो है, पर संग्रहित ऑक्सीजन 12 घंटे में हो जाती है खत्म
समथर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 500 लीटर क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट है। इसका लोकार्पण 12 सितंबर 2021 को हुआ। यह चालू है मगर ऑक्सीजन संग्रहित नहीं होती है। अगर स्टोर हुआ तो भी 12 घंटे में खत्म हो जाती है। डॉ. संगुल तिवारी ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को बताया गया है। संवाद
रानीपुर में प्लांट को चलाने वाला ही नहीं
रानीपुर। रानीपुर-बम्हौरी सोहागी मार्ग पर ऑक्सीजन प्लांट लगा है। यह चालू हालत में तो है, पर चलाने वाला ही कोई नहीं है। डॉ. राजेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि यहां सभी सुविधाएं हैं मगर स्टाफ की कमी होने से दिक्कत है। संवाद
गरौठा और बरुआसागर में चालू हैं प्लांट
गरौठा/बरुआसागर। गरौठा में लगाया गया प्लांट चालू हालत में है। इससे 15 बेडों पर ऑक्सीजन की सप्लाई दी जाती है। इसका लोकार्पण 2021 में हुआ था। बरुआसागर में सीएचसी पर स्थापित किया गया आक्सीजन प्लांट भी चालू है। इसकी क्षमता 500 लीटर है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस राजपूत ने बताया कि अस्पताल में छह जंबो सिलिंडर में आक्सीजन स्टोर की व्यवस्था है। संवाद
कहां-कितने ऑक्सीजन प्लांट
मेडिकल कॉलेज - तीन
जिला अस्पताल - एक
बरुआसागर - एक
समथर - एक
रानीपुर-एक
बड़ागांव - एक
गरौठा - एक