- संबंधित अधिकारियों को समय से लक्ष्य पूरा करने के दिए गए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। विकासखंड की 67 ग्राम पंचायतों में 12 जुलाई को एक साथ 2 लाख 39 हजार से अधिक पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं व सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार को विकासखंड कार्यालय सभागार में खंड विकास अधिकारी शिखर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान बीडीओ ने बताया कि शासन की ओर से मोंठ विकासखंड को तीन लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण व हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी नियमित रूप से अभियान की निगरानी करें व प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मनरेगा के माध्यम से पौधरोपण के कार्यों को गति देने व अधिक से अधिक जनसहभागिता तय करने पर भी चर्चा की गई। बीडीओ ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारी गौरव अवस्थी ने बताया कि 9 व 10 जुलाई को वन विभाग की नर्सरियों से पौधों का उठान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 जून को 78,887 पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि 12 जुलाई को सभी 67 ग्राम पंचायतों व उनके मजरों में एक साथ 2.39 लाख से अधिक पौधों का रोपण कराया जाएगा। बैठक में ब्लॉक के ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी सहित ग्राम विकास से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।