झांसी। कोविड ड्यूटी के बाद हटाए गए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को टेंट लगाकर मेडिकल कॉलेज गेट नंबर दो के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उन्हें नौकरी नहीं दी जाती है, तब तक वे विरोध दर्ज कराते रहेंगे।
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में उन्हें जुलाई 2020 में रखा गया था। उनसे झांसी में स्टाफ नर्स और वार्ड ब्वॉय का काम करवाया जाता था। मगर अचानक सभी को कार्य से मुक्त कर दिया गया। उन्हें कारण भी नहीं बताया गया। साथ ही कई महीने का मानदेय भी नहीं दिया गया। वह लगातार नौकरी पर रखने के लिए प्रार्थनापत्र दे रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं तो आगे बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ और पूर्व मंत्री प्रदीप जैन ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों से बातचीत की और साथ देने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान अनिल वर्मा, राघवेंद्र पाल, प्रीति सिंह, दीपिका तिवारी, दीपक शर्मा, विमलेश कुशवाहा, विक्रम सिंह कर्मचारी मौजूद रहे।