outsourcing worker in medical college
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग से 25 से 30 टेक्नीशियन की नियुक्ति होगी। इससे कार्य में तेजी आएगी और मरीजों को समय से उपचार मिल पाएगा। हालांकि, एक महीने के लिए टेक्नीशियन रखे जाएंगे लेकिन जरूरत पड़ने पर इनका कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है।
कोरोना के दौर में मेडिकल कॉलेज की कोविड लैब में भार अधिक होने की वजह से लैब टेक्नीशियन बढ़ाने की जरूरत समझी जा रही थी। इसके अलावा ओटी, डायलिसिस, ईसीजी टेक्नीशियन की संख्या में भी इजाफा करने की जरूरत थी। अब कॉलेज प्रशासन ने तय किया है कि अलग-अलग कार्यों के लिए 25 से 30 टेक्नीशियनों की नियुक्ति की जाए। कॉलेज अधिकारियों का कहना है कि टेक्नीशियनों की संख्या बढ़ने से कोविड और अन्य बीमारियों के मरीजों की इलाज प्रक्रिया में तेजी आएगी। आउटसोर्सिंग के तहत सभी की नियुक्तियां की जाएंगी। बताया गया कि एक महीने के लिए इन्हें रखा जा रहा है लेकिन जरूरत पड़ने पर इनका कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है।