झांसी। रेलकर्मियों की समस्याओं के निस्तारण और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए दूर-दराज के स्टेशनों पर शिविर लगाकर उनका समाधान किया गया। जून माह में कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर में 162 शिकायतें और समस्याएं दर्ज कराई गई। इसमें 110 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मंडल रेलवे के दूर-दराज स्टेशनों पर तैनात रेलकर्मियों को उनकी समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया जा रहा है। डीआरएम अनिरुद्ध कुमार और सीनियर डीपीओ राजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में जून माह में पुखरायां, ग्वालियर, चिरगांव, भिंड, खजुराहो एवं मुरैना स्टेशनों पर शिविर लगाकर कार्मिक विभाग के अधिकारियों एवं
कर्मचारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर कार्रवाई की। शिविर में कर्मचारियों को एचआरएमएस, यूएमआईडी, स्टाफ बेनिफिट फंड समेत विभिन्न कार्मिक सेवाओं एवं ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आवश्यकतानुसार एचआरएमएस से संबंधित प्रक्रियाओं में भी सहयोग किया गया। 162 प्रकरण में 110 का मौके पर निस्तारण कर शेष प्रकरणों को आवश्यक परीक्षण एवं शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित शाखाओं को प्रेषित किया गया, ताकि उनका भी समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की सुविधा के लिए ऐसे शिविर आगे भी लगाए जाएंगे।