झांसी। पासपोर्ट बनवाना अब और भी आसान हो गया है। पासपोर्ट को अब डिजिलॉकर (डिजिटल लॉकर) से जोड़ा जा रहा है। जिसके तहत पासपोर्ट बनवाने के लिए अब आवेदक को ओरिजनल दस्तावेजों को साथ ले जाने की जरूरत नहीं होगी। डिजिलॉकर के माध्यम से ही दस्तावेजों को जमा किया जा सकता है।
पासपोर्ट बनवाने वालों को पेपरलेस सुविधा देने के उद्देश्य से व्यवस्था की शुरुआत की जा रही है। वर्चुअल डिजिटल लॉकर में लोगों को शैक्षिक दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, पैनकार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, जीवन बीमा पॉलिसी सहित कई दस्तावेजों को डिजिटल स्टोर करने की सुविधा प्रदान की गई है। डिजि लॉकर आधार कार्ड से लिंक होता है। नई व्यवस्था के तहत लोगों को ओरिजिनल पासपोर्ट को अब साथ रखने की परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा। इस संबंध पासपोर्ट कार्यालय के एसपीए मेवालाल यादव ने बताया कि विभाग द्वारा डिजिलॉकर की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। जल्द सेवा को मुहैया कराया जाएगा।
ऐसे बनाएं डिजिलॉकर अकाउंट
डिजिलॉकर बनाने से पहले आधार कार्ड आपके मोबाइल नंबर से लिंक होना आवश्यक है। डिजिलॉकर की वेबसाइट www.digitalloker.gov.in पर जाकर साइन इन करना होगा। जिसके बाद अपना नाम, जन्मतिथि, पंजीकृत मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी और पासवर्ड डालना होगा। फिर आधार कार्ड नंबर डालने के साथ एंटर करना होगा। इसके बाद दो विकल्प मिलने के बाद प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको यूजर नेम और पासवर्ड बनाना होगा। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों को डिजिलॉकर में अपलोड किए जा सकते हैं।