गोविंद चौराहा के मढ़ियां मोनी बाबा मोहल्ले में रानी के मकान में फटे रसोई गैस सिलिंडर से उठी आग की
झांसी। कोतवाली क्षेत्र के मोहनी बाबा मोहल्ला में एक घर में चाय बनाते समय लीकेज होने से सिलिंडर में आग लगने के बाद विस्फोट हो गया, जिससे आग लग गई। आग से कमरे में रखे तीस हजार रुपये व पूरा सामान जल गया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
मोहल्ला मोहनी बाबा में नृसिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर में उनकी बड़ी बेटी ममता गैस सिलिंडर पर चाय बना रही थीं। इसी बीच अचानक सिलिंडर लीक करने लगा और उसने आग पकड़ ली। यह देखकर सभी घबरा गए। आग लगने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने दमकल को सूचना दी। आग की लपटें उठने से परिजन घबराकर बाहर निकल आए। दमकल की गाड़ी आने से पहले जोरदार विस्फोट से सिलिंडर फट गया। इसके बाद कमरे में आग लग गई। इससे कमरे में रखे पेंशन के तीस हजार रुपये व अन्य सामान जल गया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कमरे में रखा पूरा सामान जल गया था। गनीमत रही कि हादसे से पहले पूरा परिवार घर से बाहर निकल आया था।