झांसी। बीएलओ व प्रगणक ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे बेसिक शिक्षा परिषद के 157 शिक्षकों का वेतन अवरुद्ध करने के शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की भी तैयारी है।
झांसी तहसील क्षेत्र में पंचायत नामावली के पुनरीक्षण कार्य के लिए बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
लेकिन, नोटिस दिए जाने के बाद भी 168 में से 105 शिक्षकों ने अब तक यह जिम्मेदारी नहीं ली है। जबकि, पिछड़ा वर्ग की गणना के लिए 104 प्रगणक बनाए गए हैं। इनमें से अब तक 52 ने ही अपनी आमद दर्ज कराई है। इस पर उप जिलाधिकारी (सदर) भगवान शरण ने शिक्षाधिकारियों को अनुपस्थित चल रहे 157 शिक्षकों का वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने बताया कि पंचायत मतदाता सूची का पुनरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता पर है। इस जिम्मेदारी को नहीं लेने वाले शिक्षकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।