संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के डिफेंस कॉरिडोर में सुतली बम भी न बन पाने के तंज का जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री बेबीरानी मौर्या ने उन्हें सिर्फ बयानबाजी करने वाला नेता करार दिया। हालांकि, बिना नाम लिए उन्होंने यह बात कही। प्रभारी मंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता सिर्फ बयानबाजी करते रहते हैं।
प्रभारी मंत्री ने माना कि डिफेंस कॉरिडोर में कुछ अड़चनें हैं लेकिन बाधाएं दूर करके जल्द यहां काम शुरू करा दिया जाएगा। बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में विकास कार्य बेहतर तरीके से चल रहे हैं। उन्होंने अलग बुंदेलखंड राज्य के सवाल पर साफ तौर पर कुछ नहीं कहा। उनका कहना था कि बुंदेलखंड का विकास होना चाहिए लेकिन यह मेरा विषय नहीं है।
समीक्षा बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि खास तौर से गर्मी में बिजली एवं पानी लोगों को समुचित तौर पर मिल सके, इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में विधायकों से भी सुझाव लिए गए। उसके मुताबिक कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।