मेडिकल कॉलेज में जिम का शुभारंभ करने के बाद मशीनों के संबंध में जानकारी लेते चिकित्सक।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में सीनियर ब्वॉयज हॉस्टल में स्टेमिना क्लब नामक जिम की स्थापना की गई है। बृहस्पतिवार को प्राचार्य डॉ. साधना कौशिक और डीन डॉ. संजया शर्मा ने इसका शुभारंभ किया।
जिम में सभी जूनियर और सीनियर डॉक्टरों के लिए आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं। हॉस्टल वार्डन डॉ. सूर्यप्रकाश, सह हॉस्टल वार्डन डॉ. नीरज बनौरिया और जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के सामूहिक प्रयास से यह जिम खुल सकी है। शुभारंभ के दौरान डॉ. एनएस सेंगर, डॉ. राजीव सिन्हा, डॉ. आरएस सेठी, डॉ. एके सांवल, डॉ. अनुज सेठी, डॉ. सचिव माहुर, डॉ. अंशुल जैन, डॉ. अभिषेक गुप्ता, डॉ. अभिषेक शर्मा मौजूद रहे।
आज से जूडा हड़ताल पर
झांसी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा इमरजेंसी के बगल में खुली कैंटीन में ताला लगा देने के बाद अब जूनियर डॉक्टरों ने शुक्रवार से हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है। उन्होंने कैंटीन बंद करने के पूर्व डॉक्टरों और छात्रों के लिए स्थायी कैंटीन की व्यवस्था कराने की मांग की है।
जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन लगातार कॉलेज प्रशासन से स्थायी कैंटीन की व्यवस्था कराने की मांग कर रहा है। बीते सोमवार को प्राचार्य को प्रार्थनापत्र सौंपकर जूनियर डॉक्टरों ने मांग की थी कि उनके बैठने-उठने, खाने-पीने के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं है। कैंटीन बंद कर देने के बाद गंदी नाली के पास ठेला लगवाकर चाय-पानी की व्यवस्था की गई है। इससे संक्रमण की संभावना बनी हुई है। इसके विरोध में जूडा ने शुक्रवार से हड़ताल की घोषणा कर दी है।