अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। संविधान गौरव अभियान को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यालय में कार्यशाला हुई। इसमें मुख्य अतिथि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि विपक्ष ने दुष्प्रचार किया कि भाजपा संविधान खत्म कर देगी लेकिन हकीकत ये है कि वास्तव में संविधान का सम्मान भाजपा ने ही किया है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले कि कांग्रेस हमेशा डॉ. भीमराव आंबेडकर के विरोध में रहती थी। संविधान सभा के गठन के दौरान कांग्रेस ने पूरा जोर लगा दिया कि डॉ. आंबेडकर उसमें शामिल न हो पाएं। कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगाना चाहती थी लेकिन डॉ. आंबेडकर इसके विरोध में थे। समाजवादी पार्टी की सरकार ने हमेशा उनका अपमान किया है।
महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार ने कहा कि संविधान गौरव का अभियान 11 से 25 जनवरी तक प्रदेशस्तर पर चलेगा। इसका उद्देश्य भारत के संविधान में निहित मूल्य को जन-जन तक लेकर जाना है। टोली गठन एवं अभियान की तैयारी के लिए एक संयोजक एवं तीन सहसंयोजक रहेंगे। आभार जिलाध्यक्ष अशोक गिरी ने जताया। कार्यशाला में गरौठा विधायक जवाहर राजपूत, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, सुधीर सिंह, संतोष सोनी, अमित साहू, मनमोहन गेड़ा, शैलेंद्र प्रताप सिंह, सौरभ मिश्रा, अंकुर दीक्षित, रमेश श्रीवास, राकेश पाल मौजूद रहे।
ये होंगे कार्यक्रम
- 11 से 15 जनवरी तक होने वाली गोष्ठियों में केंद्र सरकार के मंत्री और भाजपा नेता शामिल होंगे।
- 15 से 25 जनवरी तक स्कूल, विश्वविद्यालय आदि में हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान विषय पर क्विज, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता होगी।
- 18 से 25 जनवरी तक युवा मोर्चा की ओर से अनुसूचित जाति छात्रावासों एवं कॉलेज में युवाओं में डॉ. आंबेडकर के योगदान और भाजपा की संविधान के प्रति प्रतिबद्धता को प्रचारित किया जाएगा।
- 20 से 25 जनवरी तक अनुसूचित जाति वाले क्षेत्र में रैली और सभा होगी।