झांसी। जिले के वाहन स्वामियों में वीआईपी नंबर को लेकर क्रेज फिर से दिखने लगा है। मनचाहे नंबर के लिए दो वाहन स्वामियों ने एक लाख रुपये की बोली लगाई। कोई अन्य दावेदार सामने न आने से वाहन स्वामी को नंबर आवंटित कर दिया गया। वहीं, एक साधारण नंबर के लिए 15 हजार रुपये की बोली लगी।
जिले में मौजूदा दौर में बीपी सीरीज के वीआईपी नंबरों को जारी किया गया है। इसके लिए वाहन स्वामियों ने बोली लगाना शुरू कर दिया है। बीती एक जनवरी को हुई ऑनलाइन बोली प्रक्रिया के दौरान बीपी सीरीज के नंबर 0007 के लिए वारिस प्रताप सिंह ने एक लाख रुपये की बोली लगाई। इसके लिए विभाग की ओर से रिजर्व रेट 33333 रुपये तय किया गया। कोई अन्य दावेदार न सामने आने पर वाहन स्वामी को नंबर आवंटित कर दिया गया।
इसके साथ ही, नंबर 0009 के लिए ऋषभ स्टोन एंड क्रशिंग इंडस्ट्रीज की ओर से एक लाख रुपये में वीआईपी नंबर लिया गया। इसके अलावा बीती 25 दिसंबर को बीपी सीरिज के नंबर 4786 के लिए 15500 रुपये की बोली लगाई गई। परिवहन विभाग में वीआईपी नंबरों की बोली प्रक्रिया ऑनलाइन होने के बाद सिफारिशों का दौर बंद हो गया है। इसके बाद भी वीआईपी नंबर की चाहत रखने वाले भी कम नहीं हैं। एआरटीओ सत्येंद्र कुमार का कहना है कि वीआईपी नंबरों के लिए बोली की प्रक्रिया अब ऑनलाइन हो गई है। हाल ही में दो नंबरों की ऑनलाइन बोली एक लाख रुपये तक लगी है। वाहन स्वामियों में वीआईपी नंबर का खासा रुझान है।