संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्राचीन मंदिर रणछोरधाम में सुरक्षा गारद तैनात होने के बाद भी दानपेटी चोरी होने की घटना को पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया और एक एचसीपी व तीन मुख्य आरक्षियों को निलंबित कर दिया।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम धौजरी में यहां के सबसे प्राचीन मंदिरों में शुमार रणछोरधाम मंदिर है। मंदिर की सुरक्षा के लिए एक गारद चौबीस घंटे यहां तैनात की गई है। बावजूद इसके शनिवार रात को मंदिर में रखी दानपेटी चोरी हो गई और उसमें रखी नकदी को निकालकर चोर दानपेटी मंदिर की दीवार के पीछे छोड़ गए थे। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने लापरवाही बरतने वाले रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात गार्ड कमांडर एचसीपी शिव विशाल सिंह, हेड कांस्टेबल शिवलाल, हेड कांस्टेबल अनीश अहमद, हेड कांस्टेबल सिराजुद्दीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच शुरू की गई।
एसओजी-सर्विलांस ने शुरू की जांच-पड़ताल : मंदिर की दानपेटी चोरी होने की घटना के बाद एसओजी-सर्विलांस की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस की टीमें चोरी की घटना का खुलासा करने में जुटी हुई हैं। सोमवार को टीमों ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।