संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय व कंपोजिट विद्यालयों सहित छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सोमवार से कक्षा एक से आठवीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए परीक्षा की निगरानी की।
जनपद में 1357 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय और छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब 1.71 लाख बच्चे अध्यनरत हैं। बच्चों के शैक्षिक स्तर का आंकलन करने के लिए सोमवार से बेसिक शिक्षा विभाग के सभी विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई। जिसमें प्रथम पाली सुबह 9:30 से सुबह 11:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक हुई। पहले दिन कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं की मौखिक परीक्षा हुई। वहीं, कक्षा छह से आठवीं तक के छात्रों की सुबह की पाली में बेसिक क्राफ्ट, संबंधित कला, कृषि व गृह शिल्प का और दूसरी पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा, स्काउटिंग का पेपर हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई। परीक्षाएं 28 दिसंबर तक चलेगी।