श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी, एक की मौत नौ घायल
मोंठ (झांसी)। समथर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ेराघाट के पास चालक को झपकी आ जाने से श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार को थाना एरच के ग्राम खलार निवासी मेवालाल अध्यापक के जवारें ट्रैक्टर-ट्राली से मध्यप्रदेश के जिला दतिया के धार्मिक स्थल मां रतनगढ़ देवी मंदिर गये थे। सोमवार को सायंकाल करीब 3.30 को सभी लोग गांव लौट रहे थे। ग्राम बुढ़ेराघाट के पास पहुंचने पर अचानक ट्रैक्टर चालक देशराज सिंह को नींद आ गयी, जिससे वह ट्रैक्टर से संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से लोगों में चीख पुकार मच गयी। मामले की सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंचे समथर थानाध्यक्ष रविन्द्र नाथ यादव ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए मोंठ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिजवाया।
हादसे में ग्राम खलार निवासी तेजसिंह उर्फ कल्लू परिहार की पत्नी फूलवती (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राममूर्ति पत्नी लक्ष्मीराम (58), किशना पत्नी मानसिंह (48), खुशबू पुत्री प्रताप सिंह (24), रामढकेली पत्नी रणवीर सिंह (64), कस्तूरी पत्नी बादाम सिंह (45), ठकुरा पत्नी कुंवर लाल (65), कस्तूरी पत्नी श्रीपत अहिरवार (60), गुड्डी पत्नी लक्ष्मण सिंह (35), देशराज पुत्र मेवालाल (45) घायल हो गए। हालत खराब होने पर खुशबू, रामढकेली, ठकुरा, गुड्डी एवं देशराज को झांसी रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन एवं रिश्तेदार मोंठ सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने मृतिका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।