संदिग्ध परिस्थितियों में घायल महिला ने दम तोड़ा
झांसी। जालौन में संदिग्ध परिस्थितियों में घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के पति वली ने लूटपाट कर मारपीट के बाद ऑटो से फेंकने का आरोप लगाया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शनिवार को जालौन के उरई कोतवाली निवासी नूरजहां (47) रिश्तेदारी में टिमरो गांव जाने के लिए निकलीं। वे ऑटो में बैठकर जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में ऑटो रोककर कुछ लोगों ने लूटपाट कर मारपीट कर रुपये छीनकर उन्हें धक्का दे दिया। इससे ऑटो से गिरकर वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। सोमवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।