झांसी। ओरछा से अपने साथ लेकर गए एक साधु वेशधारी बदमाश ने वृद्धा को लूटने के बाद एरच थाना क्षेत्र के गोरा बेतवा नदी के तट पर पत्थर मारकर मरणासन्न कर दिया। सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने वृद्धा को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस ने साधुवेशधारी बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।
बरुआसागर के जरबो गांव निवासी फूलवती (60) ओरछा गई थी। चार जनवरी को एक साधु वेशधारी उनको बातों में उलझाकर अपने साथ ले गया। छह जनवरी की दोपहर वृद्धा एरच थाना क्षेत्र के गांव गोरा में स्थित बेतवा नदी के तट पर मरणासन्न हालत में पड़ी मिलीं। उनके सिर से खून बह रहा था। इस बात की जानकारी अमित कुमार नाम के व्यक्ति ने यूपी 112 पीआरवी टीम को दी। इस पर टीम के कमांडर रामकुमार, सब कमांडर आनंद कुमार व चालक अरुण कुमार मौके पर पहुंच गए। टीम ने वृद्धा को पहले बामौर के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने महिला से पूछताछ की तो पता लगा कि अपने को राजकुमार बताने वाले साधुवेशधारी बदमाश ने वृद्धा के चार हजार रुपये व अन्य सामान लूटा और सिर में पत्थर मारने के बाद मौके से भाग गया। बाद में वृद्धा को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।