ललितपुर। अपने कर्तव्यों व दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन न करने पर तालबेहट की बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति भिलवारे को निलंबित कर दिया गया है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशक ने उन पर ये कार्रवाई की है। परियोजना अधिकारी पर अमर्यादित भाषा शैली के भी आरोप लगे हैं।
तालबेहट तहसील में तैनात बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति भिलवारे की कार्यशैली हमेशा से ही सवालों के घेरे में रही। उन पर मनमानी करने के आरोप लगते रहे। उच्चाधिकारियों के आदेशों को भी उन्होंने हवा में रखा। इतना ही नहीं, अमर्यादित भाषा शैली व अभद्र शब्दों के इस्तेमाल के आरोप भी उन पर लगे। इसकी शिकायतें विभाग के उच्चाधिकारियों के पास भी पहुंची। इस पर बाल विकास सेेवा एवं पुष्टाहार निदेशक शत्रुघ्न सिंह ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए उन्हें निलंबित करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी झांसी कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। परियोजना अधिकारी पर लगे आरोपों की जांच अपर परियोजना प्रबंधक को सौंपी गई है। निदेशक की इस कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों व अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।