झांसी। महानगर में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर बृहस्पतिवार को नगर निगम में स्मार्ट सिटी के सिटी लेवल एडवाइजरी फोरम की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियोें ने स्मार्ट सिटी के तहत तैयार की गईं परियोजनाओं को लेकर सुझाव दिए।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि महानगर में जर्जर हो चुके पुराने और ऐतिहासिक गेटों का स्वरूप बदला जाए। गेटों के पास अतिक्रमण है। ऐसे में गेटों के पास नाले की निकासी ठीक की जाए और लाइटें लगाकर गेटों को सुंदर बनाया जाए। इस दौरान पानी वाली धर्मशाला के चल रहे निर्माण कार्य को लेकर चर्चा की गई। इसे लेकर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में नाले का पानी नहीं गिरना चाहिए। जनप्रतिनिधि शुक्रवार को धर्मशाला के काम का निरीक्षण करेगे। आंतिया तालाब पर निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में किले के पास होने वाले विकास कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया। इस मौके पर महापौर रामतीर्थ सिंघल, नगर आयुक्त अवनीश राय, पार्षद दिनेश प्रताप सिंह और नोडल अधिकारी अमित शर्मा मौजूद रहे।
मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
झांसी। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के क्रमिक धरना प्रदर्शन और अनशन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर आवाज उठाई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि लगातार ज्ञापन देने के बाद भी सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को दूर नहीं किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष अशोक प्याल ने कहा कि शुक्रवार को सफाई कर्मचारी नगर निगम से मशाल जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पर डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही 30 जनवरी से काम बंद हड़ताल की जाएगी। इस मौके पर महेश, भगवानदास, महेंद्र करौसिया, विष्णु नरवारे, लख्मीचंद्र कंजरया, लालजी कंजरया मौजूद रहे।
पार्षदों को दिया जाए नक्शा
झांसी। वार्ड नंबर 50 के पार्षद किशोरी प्रसाद रायकवार ने जल निगम के परियोजना प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने अमृत योजना के तहत वार्डों में चल रहे पाइपलाइन निर्माण कार्य का नक्शा पार्षदों को मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नक्शा मिलने से पार्षद सड़कों के निर्माण को लेकर आश्वस्त हो सकेंगे।