झांसी। मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने सर्किट हाउस के पास स्थित निर्माणाधीन अटल एकता पार्क का निरीक्षण किया और पार्क के प्रत्येक स्थल पर गहनता से निरीक्षण कर निर्माणाधीन कार्यो, घास लगाने, पानी निकासी सहित विभिन्न कार्यों को फरवरी तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि 14 करोड़ की लागत से बन रहे पार्क में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां जिसमें ओपन जिम, थियेटर, लाइब्रेरी, मीटिंग हाल सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक की सुविधा होगी। पार्क में बच्चे, बुजुर्गों महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। बताया कि पार्क में चारों तरफ सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक पर आमजन को टहलने की सुविधा रहेगी। पार्क में विषेश प्रजातियों के पेड़, पौधे और घास भी लगाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने पार्क में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति के बारे में बताया कि फरवरी माह तक सभी कार्य पूर्ण करा लिए जाएंगे।
पर्यटन कार्यालय और वीरांगना होटल की भी देखीं व्यवस्थाएं
झांसी। मंडलायुक्त ने पर्यटन कार्यालय और वीरांगना होटल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के साथ ही वीरांगना होटल में पर्यटकों के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उप निदेशक पर्यटन आरके रावत को निर्देश दिए।
होटल के प्रत्येक रूम, डोरमेट्री सहित होटल परिसर का भी निरीक्षण किया और विशेष सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए। होटल प्रबंधक को निर्देश दिए कि कमरों के बाथरूम में गरम पानी की व्यवस्था हर समय होनी चाहिए और अच्छी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डिस्प्ले बोर्ड सहित विभिन्न साधनों से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। जिससे अधिक से अधिक पर्यटक इस होटल में ठहरने के लिए आकर्षित हों। निरीक्षण के दौरान पर्यटन सूचना अधिकारी चित्रगुप्त, होटल वीरांगना प्रबंधक तारिक अजीज, पर्यटन पुलिस के एनपी सिंह मौजूद रहे।