झांसी। जिलाधिकारी के आदेश पर 121 अधिकारियों और छह जनप्रतिनिधियों द्वारा गोद लिए गए स्कूलों में मुख्य 16 बिंदुओं पर कार्य होना है। इन स्कूलों में जो भी समस्याएं हैं ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि उसके निवारण की दिशा में काम करेंगे।
परिषदीय स्कूलों की दशा सुधारने और शिक्षा के स्तर में बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने एक अहम फैसला किया था। जिसमें सभी जिला स्तर, ब्लॉक स्तर और तहसील स्तर के अधिकारियों को एक स्कूल को गोद दिया गया। गोद लिए स्कूल में संबंधित अधिकारी को 16 बिंदुओं पर कार्य करना है। विभाग स्तर पर अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है।
उधर, इन 16 बिंदुओं में स्कूलों में छात्र नामांकन में वृद्धि, विद्यार्थियों में स्कूलाें में ठहराव, शिक्षा की गुणवत्ता, मध्याह्न भोजन, अध्यापकों की उपस्थिति, स्वच्छ पेयजल, वाटर टैंक के साथ रनिंग वाटर, छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय और मूत्रालय के साथ-साथ जल आपूर्ति, परिसर में टाइल्स लगवाना, दिव्यांगों के लिए शौचालय, हैंडवॉशिग यूनिट की व्यवस्था कराना आदि बिंदु शामिल हैं। साथ ही संबंधित अधिकारी समय-समय पर स्कूल का अवलोकन और निरीक्षण करते रहेंगे।
विभाग के अनुसार 121 अधिकारी, 4 विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और महापौर को विद्यालय गोद दिए गए हैं। जिलाधिकारी का गोद लिया स्वच्छ विद्यालय प्रतियोगिता में भी चयनित हुआ है। बीएसए वेदराम ने बताया कि इससे स्कूलों की स्थिति में सुधार आएगा।