काम के सत्यापन के लिए नगर निगम ने तैनात किए अफसर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मानसून की दस्तक से पहले शहर में नगर निगम की ओर से छोटे-बड़े 78 नालों की सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। ये काम समय से पूरा हो जाए, इसके लिए नगर निगम ने अधिकारियों की तैनाती कर दी है। ये अधिकारी रोज औचक निरीक्षण कर सफाई कार्य की रिपोर्ट देंगे।
सही से नालों की सफाई न होने की वजह से बारिश में शहर में जलभराव हो जाता है। लोगों के घरों तक में पानी घुस जाता है। इससे उन्हें नुकसान होता है। वहीं, शहर के निचले इलाकों में पानी भर जाने से आवागमन तक प्रभावित हो जाता है। इसके मद्देनजर नगर निगम मानसून की दस्तक से पहले ही नालों की सफाई करवाता है। चूंकि, इस समय शहर के 78 नालों की सफाई का काम चल रहा है। चुनाव आयोग की मंजूरी के बाद नौ बड़े नालों की निविदा खोली गई है। वहीं, निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी कर्मचारियों के जरिए नालों की सफाई कराई जा रही है। सभी नालों की सफाई का काम गुणवत्ता के साथ समय से पूरा हो जाए। इसके लिए नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने अधिकारियों की तैनाती कर दी है। अपर नगर आयुक्त से लेकर अवर अभियंता तक को जिम्मेदारी दी गई है। नगर आयुक्त ने बताया कि ये अधिकारी रोजाना सुबह आठ बजे नाले का औचक निरीक्षण कर आख्या देंगे। अपर नगर आयुक्त मो. कमर को सफाई कार्य का नोडल अधिकारी बनाया गया है।