झांसी। जिले की सड़कों पर यादवजी, पटेल साहब जैसे जातिसूचक शब्द लिखा हुए तमाम गाड़ियां दौड़ रही हैं, लेकिन परिवहन विभाग के अफसरों को वाहन नजर नहीं आ रहे हैं। आलम यह है कि ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ जिले में कार्रवाई सुस्त पड़ी हुई है। आलम यह है कि जिले में अब तक एक भी चालान नहीं हुआ है। ऐसे में शासन के निर्देश हवा में तैरते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, एक महीने पहले शासन ने वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखकर दौड़ रहे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। प्रदेश भर के कई जिलों में ऐसे वाहनों को सीज भी किया गया और चालान भी काटे गए। लेकिन जिले में ऐसे वाहन अफसरों को नजर ही नहीं आए। आलम यह है कि वाहनों का चालान काटने से परिवहन विभाग की टीमें बचती नजर आ रही हैं। जबकि सड़कों पर ऐसे वाहन खूब फर्राटा भर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वाहन चालकों को शब्द हटवाने की हिदायत देकर छोड़ा जा रहा है। इसके चलते शासन के निर्देश ताक पर नजर आ रहे हैं। वहीं परिवहन विभाग की कार्रवाई सुस्त पड़ी हुई है। एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जातिसूचक शब्द लिखकर दौड़ रहे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कुछ वाहनों को चिह्नित भी किया गया है।