सरकारी जमीनों से तत्काल हटवाएं कब्जे
- फोटो : demo
मंडलायुक्त के राममोहन राव ने नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सरकारी जमीन पर जहां भी कब्जे हों, उन्हें तुरंत हटवाया जाए। दलित बस्तियों के लिए उपलब्ध अवस्थापना निधि का खर्च पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट में जरूर किया जाए। प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त सभागार में समीक्षा करते हुए शनिवार को उन्होंने कहा सभी अधिकारी अपनी कार्य संस्कृति में बदलाव लाएं। क्षेत्र में फागिंग का रोस्टर बनाया जाए। इसकी जानकारी जनता को भी दी जाए। जो कार्य कराए गए हैं, उनकी सूची दें, ताकि गुणवत्ता की जांच कराई जा सके। उन्होंने प्रतिबंधित पालीथिन जब्त करने को कहा। अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर हैंडपंप व नलकूप दुरुस्त करा लें, ताकि गर्मियों में पेयजल की दिक्कत न हो। अवस्थापना निधि की समीक्षा के दौरान पता चला कि नगर पालिका गुरसराय व नगर पंचायत एरच अपनी निधि खर्च करने में बहुत पीछे हैं। इस पर उन्हें फटकार लगाई गई। इसी तरह राज्य वित्त आयोग की राशि सभी नगर निकाय खर्च नहीं कर सके हैं। टैक्स वसूली में नगर पालिका मऊरानीपुर, कोंच और ललितपुर की वसूली कम होने पर फटकार लगाई और वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर खाबरी, नगर आयुक्त अरुण प्रकाश, एडीएम विजय बहादुर सिंह, जालौन आर. के. सिंह उपस्थित रहे।
रविवार को खुलेगा नगर निगम
वित्त वर्ष समाप्त होने वाला है। मार्च के 12 दिन शेष रह गए हैं। टैक्स वसूली प्रभावित न हो, इसलिए रविवार को नगर निगम का टैक्स विभाग खुला रहेगा। इस दौरान काउंटर पर हाउस टैक्स भी जमा किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह ने बताया कि जो भी व्यक्ति अपना बकाया हाउस टैक्स जमा करना चाहते हैं, वह रविवार को जमा कर सकते हैं।