झांसी। छात्रों की समस्याओं को लेकर कुलपति से मिलने जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बुंदेलखंड विवि के गेट के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षा गार्डों और विवि अधिकारियों द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं की जमकर नोकझोंक हुई। देर शाम तक कुलपति से मुलाकात नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने विवि के गेट पर ही आमरण अनशन शुरू कर दिया। देर रात पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उधर, कार्यकर्ताओं ने कुलानुशासक के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है।
दरअसल, एनएसयूआई कार्यकर्ता छात्रों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय संयोजक सचिन द्विवेदी और अभिषेक प्रताप के नेतृत्व में कुलपति से मिलने के लिए विवि के गेट पर पहुंचे। इस दौरान गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोक दिया। इस पर कार्यकर्ता विवि के गेट पर ही धरना देने बैठ गए। छात्रों की मांग थी कि पिछले सेमेस्टर के बैक परीक्षार्थियों को स्पेशल बैक देकर आगे की तैयारी का मौका दिया जाए। हर छात्र को छात्रवृत्ति दी जाए। अनुपस्थिति के चलते छात्रवृत्ति को रोका न जाए। पूरे कैंपस को वाईफाई किया जाए। जिन्होंने बैक का शुल्क जमा कर दिया और परीक्षा नहीं हुई उनका शुल्क समायोजित किया जाए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। धरने की सूचना पर पहुंचे विवि अधिकारियों और कार्यकर्ताओं में काफी नोकझोंक हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। वहीं एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक अभिषेक प्रताप ने कुलानुशासक के खिलाफ छात्रों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना नवाबाद में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उधर, आमरण अनशन पर बैठे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को रात को पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान बुंदेलखंड प्रभारी सचिन द्विवेदी, प्रदेश महासचिव जीशान रजा, विवि इकाई अध्यक्ष अभिषेक दादू, आकाश पाराशर, सुमित दांगी, आशुतोष तिवारी, छोटे राजा, भारतेंद्र तिवारी, चंदन, शरद यादव, करण सिंह, आकाश गुप्ता, हेमंत मौजूद रहे।
छात्रों के धरने की भीड़ में कुछ अराजक तत्व आ गए थे। जो माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा गार्डों को गुंडा कह रहे थे। इस पर छात्रों को रोका गया। जान से मारने की धमकी देने जैसी कोई बात नहीं है। छात्रों के आरोप गलत हैं।
प्रोफेसर आरके सैनी, कुलानुशासक, बुंदेलखंड विवि